हवाबाज़ी एक बहुचर्चित हुनर
हवाबाजों की दृष्टि के भी क्या कहने! वे हवा को केवल महसूस नहीं करते, उसे साफ-साफ देख भी लेते हैं। बाजार में किसकी हवा चल रही है, किसकी निकल चुकी है और किसकी हवा बनाने की तैयारी है, इसका उन्हें अद्भुत ज्ञान होता है। वे किसी मौसम विज्ञानी से कम नहीं होते। फर्क सिर्फ इतना है कि मौसम विज्ञानी हवा की गति और दिशा बताते हैं, जबकि ये हवाबाज हवा का राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक भविष्य तक बता देते हैं।
उनके पास हवा का अपना विज्ञान है। वे बता सकते हैं कि किसी हवा में कितनी ऑक्सीजन है और कितनी कार्बन डाइऑक्साइड। कितनी नाइट्रोजन बाहर से आकर उसमें मिल सकती है और कितनी प्राणवायु किसी दूसरी दिशा से लाकर अपनी हवा को अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकता है। कौन-सी हवा में किस गैस की कितनी मात्रा मिलाने से उसका दबाव बढ़ेगा और कौन-सा रासायनिक मिश्रण चुनावी या कारोबारी सफलता की गारंटी बन सकता है, इसका पूरा हिसाब उनके पास रहता है।
वे हवा के रुख को पहचानने में ही नहीं, उसे मोड़ने में भी माहिर होते हैं। हवा अगर पूर्व से चल रही हो तो वे पश्चिम की ओर खड़े होकर भी अपने चेहरे पर उसी हवा का एहसास करा सकते हैं। हवा का कोई निश्चित धर्म, जाति, विचारधारा या रंग नहीं होता, लेकिन हवाबाज उसे अपनी जरूरत के हिसाब से सब कुछ दे सकते हैं।
उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे हर हवा पर अपना नाम लिखने की क्षमता रखते हैं। हवा भले ही कहीं और से आई हो, लेकिन उसके चलने का श्रेय लेने में उन्हें देर नहीं लगती। कभी वे हवा के साथ चलते दिखाई देते हैं तो कभी हवा को अपने साथ चलने का दावा करते हैं। हवा का रुख बदल जाए तो उनका रुख भी बदल जाता है। वे इसे अवसर के अनुसार स्वयं को अपडेट करना कहते हैं। कल जिस हवा को वे प्रतिकूल बता रहे थे, आज उसी को परिवर्तन की बयार बताने लगते हैं।
हवाओं के इस कारोबार में झंडों का भी बड़ा महत्व है। जानकार लोग हवाबाजों के लिखे शब्दों के रंग देखकर ही समझ जाते हैं कि इस बार कौन-सा झंडा हवा में लहराने वाला है। झंडा बदलने की नौबत आए तो वे उसे वैचारिक परिवर्तन नहीं, हवा के साथ तालमेल बैठाना बताते हैं। उनके लिए झंडे की डंडा महत्वपूर्ण है, कपड़े का रंग तो बदलता ही रहता है।
बाजार में ऐसे हवा विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। कोई अपनी दुकान की हवा बनाने में लगा है तो कोई अपने नेता की। कोई किसी उत्पाद को लोकप्रिय बनाने के लिए हवा दे रहा है तो कोई किसी विचार को इतना फुला देना चाहता है कि लोग उसे आंधी समझने लगें। सोशल मीडिया ने तो इस कारोबार को और भी आसान कर दिया है। अब हवा चलाने के लिए मौसम का इंतजार नहीं करना पड़ता। कुछ पोस्ट, कुछ वीडियो, कुछ प्रायोजित प्रतिक्रियाएं और कुछ चुनिंदा आवाजें मिलकर देखते ही देखते तूफान खड़ा कर देती हैं। हवा की दिशा बताने वाले और हवा बनाने वाले एक ही मंच पर दिखाई देने लगते हैं। कभी कोई एक किताब लिख देने से हवा का रुख पलट जाता है तो कभी कोई बयान बहती हवा के सामने पर्वत बन कर खड़ा हो जाता है।
इस पूरे हवा विज्ञान में एक छोटी-सी तकनीकी समस्या भी है। कोई भी हवा जब अपनी स्वाभाविक मात्रा से अधिक किसी रंग के गुब्बारे में भर दी जाती है तो उसके फटने का खतरा बढ़ जाता है। गुब्बारा जितना बड़ा होता जाता है, उसे संभालने के लिए उतनी ही ज्यादा हवा भी चाहिए।
हवाबाज इस खतरे से अनजान नहीं हैं कि हवा इन दिनों प्रदूषित भी होने लगी है। वे यह भी जानते हैं कि हवा का दबाव बढ़ाने की भी एक सीमा होती है। लेकिन बाजार में टिके रहने के लिए गुब्बारे का बड़ा दिखना जरूरी है। इसलिए वे उसमें लगातार हवा भरते रहते हैं। कभी उपलब्धियों की, कभी लोकप्रियता की, कभी विकास की और कभी भविष्य के सुनहरे सपनों की। मुश्किल यह है कि जब गुब्बारा फूटता है तो उसमें भरी हवा किसी की नहीं रहती और उसके फटने की आवाज के साथ हवाबाजों की हवा भी निकल जाती है।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment